वेस्टर्न डिस्टरबेंस और चक्रवात की वजह से मध्य प्रदेश में 4 दिन से ओले-बारिश का दौर रहा। मंगलवार को भोपाल-ग्वालियर समेत 15 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला। कहीं बारिश हुई तो कहीं ओले गिरे। बुधवार सुबह करीब 20 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहा। हालांकि, आज बारिश और ओले का अलर्ट नहीं है।

बुधवार सुबह भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा है। कुछ जिलों में हल्का कोहरा है। हालांकि उमरिया जिले में बुधवार सुबह कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है।

वहीं शाजापुर जिले के अकोदिया में घने कोहरे के बीच एक कार और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो लोग घायल हैं। हादसा बुधवार सुबह 8.30 बजे हुआ।

बुधवार सुबह आगर मालवा हल्के कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों के जमावड़े से सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पाईं, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हुई, जिन्हें सर्द हवाओं के बीच स्कूल जाना पड़ा।

ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं। मावठे की बारिश थमने के बावजूद तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बदलते मौसम के चलते मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।